police-seized-four-quintals-of

मंदसौर : पुलिस ने एंबुलेंस से चार क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया

मंदसौर, 01 मई । मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले की सीतामऊ पुलिस ने एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार से लगभग 4 क्विंटल डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात को सीतामऊ थाना पुलिस ने पंचमुखी बालाजी फैमिली रेस्टोरेंट के सामने मंदसौर-सीतामऊ रोड पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान कच्चे रास्ते से एंबुलेंस आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही एंबुलेंस सवार दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। भागते समय एक आरोपी ने पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने पीछा कर फायरिंग करने वाले आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम रुपाराम पिता कृष्णाराम विश्नोई (27) निवासी चालकना, थाना सेडवा, जिला बाड़मेर (राजस्थान) बताया। उसकी तलाशी में एक देशी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और एक चला हुआ खोखा बरामद किया गया। वहीं फरार आरोपी की पहचान अशोक पिता आईजीराम माली, निवासी बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 22 कट्टों में भरा लगभग 4 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा वाहन के अंदर अलग-अलग नंबर की 4 डुप्लिकेट नंबर प्लेट, एक एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग 10 हजार रुपए) भी जब्त किया गया।