बाइक चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
धनबाद, 31 मई । धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रविवार को पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित राधा-कृष्णा स्टोर के संचालक मनोज कुमार की बाइक 29 मई की शाम चोरी हो गई थी। घटना के दौरान एक आरोपित बाइक लेकर फरार हो गया था, जबकि दूसरे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
सरायढेला थाना के एसआई संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित वरुणेश कुमार से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई में अनिमेष सिंह और राहुल नामक दो अन्य आरोपिताें को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई और इसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।









