शाहगंज में दो शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
जौनपुर, 18 अप्रैल यूपी के जौनपुर में शाहगंज कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरीन्द्र सिंह ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक शाहगंज ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर बड़ागांव नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अफसर हुसैनी निवासी अरसिया थाना सरपतहां और विष्णु प्रताप निवासी चूड़ी मोहल्ला थाना शाहगंज के रूप में हुई है। आरोपितों की निशानदेही पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री में करीब 75 किलो बारूद, 44 किलो कलमी सोडा, 94 किलो पीला पाउडर, 72 किलो बरेठा तथा 30 किलो यूरिया शामिल है, जो विस्फोटक बनाने में प्रयुक्त होती है।
इस संबंध में थाना शाहगंज में मुकदमा संख्या 127/2026 धारा 4/5 विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपितों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









