खूंटी में ‘प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना’ की समीक्षा, स्कूली बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और पौष्टिक मध्याह्न भोजन पर जोर
खूंटी, 24 अप्रैल । उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में ‘प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना’ के अंतर्गत जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परियोजना निदेशक आईटीडीए सह प्रभारी उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप ने की।
बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप विकास आयुक्त ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, मध्याह्न भोजन की नियमित उपलब्धता, भोजन से संबंधित एसएमएस भेजने की स्थिति, रसोइया-सह-सहायिकाओं को मानदेय भुगतान तथा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के बेहतर संचालन पर चर्चा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और तय मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा इसमें अनिवार्य रूप से हरी सब्जियां और अन्य पोषक आहार शामिल किए जाएं, ताकि बच्चों को संतुलित पोषण मिल सके।
बच्चों की स्वास्थ्य जांच और आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोली वितरण की जानकारी लेते हुए आलोक शिकारी कच्छप ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आवश्यक दवाओं के वितरण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्कूल स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी जरूरी है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि बीईओ सहित सभी संबंधित अधिकारी प्रत्येक माह अपने-अपने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण करें और उसकी ऑनलाइन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इससे विद्यालयों के संचालन, भोजन व्यवस्था और बच्चों की उपस्थिति की नियमित निगरानी हो सकेगी।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बीईओ सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना के सफल संचालन और बच्चों को बेहतर पोषण एवं शिक्षा वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में समन्वित प्रयास का आश्वासन दिया।
————-









