jh-meeting-lok-adalat-bank-officers

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर बैंक अधिकारियों की बैठक

खूंटी, 18 फ़रवरी । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खूंटी के तत्वावधान में 14 मार्च को आयोजित होनेवाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और प्री-लिटिगेशन बैंक मामलों के निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रसिकेश कुमार और सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विभिन्न बैंकों के अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक हुई।

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको बैंक सहित अन्य बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में स्थायी लोक अदालत के सदस्य भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान प्री-लिटिगेशन बैंक मामले, किसान क्रेडिट कार्ड मामले, वसूली संबंधी वाद और अन्य वित्तीय विवादों के अधिकतम निष्पादन पर बल दिया गया।

बैठक में बैंक अधिकारियों को लोक अदालत के लिए उपयुक्त मामलों की समय पर पहचान, पक्षकारों को विधिवत नोटिस तामील कराने और समझौते के लिए सक्षम पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं डालसा के सचिव कमलेश बेहेरा ने बताया कि पिछले राष्ट्रीय लोक अदालत में खूंटी जिले में कुल 642 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया था। उन्होंने सभी बैंकों से आग्रह किया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित कर समन्वित प्रयास करें।

बैठक में सभी संबंधित बैंकों की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया और आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया।