एबीवीपी नेता ने रक्तदान कर मनाया अपना जन्मदिन
खूंटी, 27 जनवरी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता प्रकाश टूटी ने अपने जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए मंगलवार को सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान किया और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक उत्सव की बजाय मानव सेवा को प्राथमिकता देते हुए युवाओं के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदान के उपरांत प्रकाश टूटी ने कहा कि एबीवीपी राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और विद्यार्थी जीवन में उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज को कुछ लौटाने का भी दिन होना चाहिए। रक्तदान के माध्यम से किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से अपील किया कि रक्तदान को वे मानवीय कर्तव्य के रूप में अपनाएं। नए भारत के निर्माण में संवेदनशील, सजग और सेवा भावना से युक्त युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है।









