up-work-chandrawal-river

चंद्रावल नदी के पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर जारी

हमीरपुर, 20 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के तहसील मौदहा की ग्राम पंचायत पड़ोरी में जलोदाय जल अभियान के अंतर्गत चंद्रावल नदी के पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। चंद्रावल नदी का यह पुनरुद्धार कार्य क्षेत्र के लिए जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के नेतृत्व में चंद्रावल नदी के पुनर्जीवन के लिए 20 बिंदुओं पर आधारित कार्ययोजना तैयार की गई, जिसे सभी पट्टाधारकों एवं औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से लागू किया जा रहा है। जेके सीमेंट के सहयोग से धुंधपुर क्षेत्र में चंद्रावल नदी की सफाई एवं पुनरुद्धार का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

ग्राम प्रधान धुंधपुर रामेश्वर प्रधान ने शनिवार को बताया कि नदी की सफाई से आसपास के ग्रामीणों को जल उपलब्धता में लाभ मिलेगा और क्षेत्र के किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए पानी की समस्या से राहत मिलेगी। इससे भूजल स्तर में सुधार के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पंचायत सहायक देवी प्रकाश, अजय कुमार, बसंत लाल, मुकेश सहित ग्राम पंचायत के सभी सहयोगियों के साथ मिलकर इस योजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बावजूद श्रमिक एवं स्थानीय लोग निरंतर कार्य में जुटे हुए हैं, ताकि चंद्रावल नदी को उसके प्राकृतिक स्वरूप में पुनः जीवित किया जा सके। प्रशासन, उद्योगों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से चंद्रावल नदी का यह पुनरुद्धार कार्य क्षेत्र के लिए जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।