प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय आर्यन शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न तीन बजे अंतरराष्ट्रीय आर्यन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का आयोजन रोहिणी में सेक्टर-10 के स्वर्ण जयंती पार्क में किया जाएगा। पीएमओ के अनुसार, कार्यक्रम में “150 गोल्डन ईयर्स ऑफ सर्विस” शीर्षक से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें शिक्षा, सामाजिक सुधार और आध्यात्मिक उन्नति में आर्य समाज के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य महर्षि दयानंद सरस्वती की सुधारवादी और शैक्षिक विरासत का सम्मान करना है। साथ ही आर्य समाज की 150 वर्ष की सेवा का उत्सव मनाना और वैदिक सिद्धांतों व स्वदेशी मूल्यों के प्रति जागरुकता बढ़ाना भी इसका हिस्सा है।
उल्लेखनीय है कि यह शिखर सम्मेलन ज्ञान ज्योति महोत्सव का हिस्सा है। यह महोत्सव महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की समाज सेवा के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।









