ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने डीपीएल में रचा इतिहास, पांच विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स की टीम ने दमदार शुरुआत की। ओपनर प्रियांश आर्य ने सिर्फ 56 गेंदों में 111 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनके साथ करन गर्ग ने भी 24 गेंदों पर 43 रन की तेज़तर्रार पारी खेली। दोनों की पारियों की बदौलत वॉरियर्स ने 20 ओवर में 231/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जवाब में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शुरुआत लड़खड़ाती हुई रही और टीम ने शुरुआती 51 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बाद अर्पित राणा और कप्तान अनुज रावत ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 130 रनों की शानदार साझेदारी की और टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। अर्पित राणा ने 45 गेंदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 79 रनों की अहम पारी खेली, वहीं कप्तान अनुज रावत ने महज़ 35 गेंदों पर 84 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 9 छक्के शामिल थे।
इस जीत के साथ ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने डीपीएल के इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया।









