भाजपा ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा, जनसमस्याओं के समाधान की मांग की
भाजपा ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा, जनसमस्याओं के समाधान की मांग की
पूर्वी सिंहभूम, 6 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर की ओर से शुक्रवार को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई। भाजपा ने ज्ञापन में हेलमेट चेकिंग की अव्यवस्था, नशीले पदार्थों की बिक्री, सड़क और बिजली की खराब स्थिति, जलापूर्ति योजनाओं में देरी, और अन्य गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में सबसे पहले हेलमेट चेकिंग के नाम पर पुलिस की ओर से की जा रही अव्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की गई ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। वहीं, थाना क्षेत्रों में गांजा, शराब और ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने का आग्रह किया गया है, क्योंकि इनके सेवन से युवा वर्ग अपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो रहा है।
यह भी बताया गया है कि मानगो गोलचक्कर पर बिना परमिट की लंबी दूरी की बसों के संचालन से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही है। बरसात से पहले शहर के विभिन्न इलाकों में नालों और कचरे की सफाई तथा बिजली के जर्जर खंभों की मरम्मत की भी मांग की गई है।
इसके अलावा, खराब स्ट्रीट लाइट, पीने के पानी की समस्या, वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन की लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान, राशन वितरण में पारदर्शिता, और सड़क मरम्मत के बाद खुले गड्ढों को दुरुस्त करने की मांग भी उठाई गई।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में अवैध वसूली, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और डॉक्टरों की कमी को दूर करने की भी मांग की गई। अंत में, परसुडीह मुख्य सड़क के नवनिर्माण और रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता जताई गई।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा और सुबोध झा ने उम्मीद जताई कि उपायुक्त इन समस्याओं का त्वरित समाधान कराएंगे।
—————









