पाक के लिए जासूसी, पूर्व मंत्री का पीए रहा आरोपित रिमांड पर

पाक के लिए जासूसी, पूर्व मंत्री का पीए रहा आरोपित रिमांड पर

जयपुर, 3 जून (हि.स.)। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महानगर प्रथम ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में सरकारी कर्मचारी शकूर खान को दस जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। बताया जा रहा है कि शकूर खान पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सालेह मोहम्मद के निजी सहायक के तौर पर भी काम कर चुका है।

जांच एजेंसी ने मंगलवार को आरोपित को अदालत में पेश किया। जांच एजेंसी की ओर से अदालत से आरोपित को दस दिन के लिए पुलिस अभिरक्षा में सौंपने की गुहार की। एजेंसी की ओर से कहा गया कि आरोपी ने अब तक की पूछताछ में कई जानकारियां दी हैं। उससे पूछताछ करनी है कि वह किन-किन लोगों के संपर्क में था। वहीं देश में उसका कौन सहयोग कर रहा था। इसके लिए उसे दस दिन के रिमांड पर दिया जाए। इस पर अदालत ने आरोपी को सात दिन के रिमांड पर दस जून तक जांच एजेंसी को सौंपा है। गौरतलब है कि शकूर जैसलमेर में जिला रोजगार कार्यालय में क्लर्क के तौर पर कार्यरत हैं। पूछताछ में सामने आया है कि वह भारत में पाकिस्तान के हाई कमीशन के अफसर रहे एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में था और वह पाकिस्तान एंबेसी में सोहेल कमर से भी मिलता था। जासूसी का आरोपी शकूर खान भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर मंगलियों की ढाणी, बड़ोडा गांव का रहने वाला है। यहां रहते हुए उस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक शकूर खान कुछ समय पहले बिना विभागीय अनुमति के पाकिस्तान गया था। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने शकूर को हिरासत में लिया गया । खुफिया एजेंसियों को उसके मोबाइल में पाकिस्तान के कई अनजान नंबर मिले हैं। इनके बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है।

—————