चंपावत में पंचायत चुनाव 2025 की तैयारियाँ तेज़
चंपावत में पंचायत चुनाव 2025 की तैयारियाँ तेज़
चंपावत, 22 जून (हि.स.)। जनपद चंपावत में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में आज कलक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने की।
बैठक के दौरान डॉ. खाती ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व निर्बाध रूप से सम्पन्न कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की आत्मा है, और इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सजगता से करना होगा।
बैठक में लॉजिस्टिक तैयारियाँ, मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, कार्मिक व्यवस्थापन, प्रशिक्षण, सुरक्षा प्रबंधन एवं मतदाता सूची के सत्यापन जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुदृढ़ किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, जिला पंचायत राज अधिकारी भूपेंद्र कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।









