रेलवे अंडर पास में जलभराव की आशंका: पंप लगाने और चौकीदार तैनात करने के निर्देश

रेलवे अंडर पास में जलभराव की आशंका: पंप लगाने और चौकीदार तैनात करने के निर्देश

जयपुर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने मानसून के दौरान रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सतर्कता बरतनी शुरु कर दी है। रोड अंडर ब्रिज में पानी न जाए इसके लिए निर्माण कार्य कराए गए हैं और पुराने जल पुनर्भरण कुओं की गहराई बढ़ाई गई है। जिन अंडरपास में भारी बारिश के दौरान जलभराव का खतरा अधिक है, वहां चौबीसों घंटे चौकीदार तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देश पर सभी अंडरपास पर जल निकासी के इंतजाम किए गए हैं। रेलवे ने पानी निकासी के लिए 167 अंडरपास पर पंप लगाए गए हैं और जरूरत पड़ने पर यातायात रोकने के लिए 328 चौकीदार तैनात किए जाएंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी अंडरपास पर जल स्तर मापक की मार्किंग की गई है। खतरनाक जल स्तर तक पानी पहुंचने पर आवाजाही रोकी जा सके, इसके लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही रेलवे ने सभी अंडरपास पर सूचना बोर्ड भी लगाए हैं, जिससे जलभराव होने पर लोग तुरंत रेलवे को सूचित कर सकें।

—————