हिमाचल की बेटी ने पैराग्लाइडिंग में रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीते 14 मेडल

हिमाचल की बेटी ने पैराग्लाइडिंग में रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीते 14 मेडल

धर्मशाला, 25 जून (हि.स.)। मंडी जिला की युवा महिला पैराग्लाइडर पायलट अलीशा ने पैराग्लाइडिंग की दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। बीड़-बिलिंग घाटी में पली बड़ी अलीशा ने मई–जून 2025 के बीच कज़ाख़स्तान में आयोजित छह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ट्रॉफियां और 14 मेडल जिनमें 6 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज शामिल हैं, अपने नाम किए हैं। यह किसी भी भारतीय पैरा पायलट द्वारा एक ही अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग टूअर में जीते गए सबसे अधिक पदक हैं, जो भारत के लिए इस खेल में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

पैराग्लाइडिंग रैंकिंग में अलीशा विश्व स्तर पर महिलाओं की श्रेणी में 20वें स्थान पर हैं और भारत में महिला वर्ग में नंबर एक पर पहुंच गई हैं। जो देश के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण है। उधर बीड़ बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने अलीशा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आपने हम सब का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।