(अपडेट) भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को पार्टी ने भेजा नोटिस, दूसरी शादी को माना अनुशासनहीनता
(अपडेट) भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को पार्टी ने भेजा नोटिस, दूसरी शादी को माना अनुशासनहीनता
हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। ज्वालापुर से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से जुड़े दूसरी शादी प्रकरण का भाजपा संगठन ने संज्ञान लिया है। पार्टी हाई कमान ने उनके आचरण को अनुशासनहीनता के दायरे में मानते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया कि विगत लम्बे समय से आपके अमर्यादित आचरण जो मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से समय-समय पर प्राप्त होते रहते हैं, आपके सामाजिक कृत्य एवं आचरण के कारण पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। विगत समय की आपकी गतिविधियां इस बात को स्पष्ट करती हैं। यह सार्वजनिक रूप से पार्टी के लिए अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इस प्रकरण पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट द्वारा मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि आप अपने इस कृत्य से सम्बन्धित तथ्य पत्र प्राप्ति के 07 दिनों के भीतर लिखित रूप से कार्यालय को प्रस्तुत करें।
उधर, पूर्व भाजपा विधायक एवं धर्मगुरु सुरेश राठौड़ ने कहा कि उन्होंने कोई अनुशासनहीनता नहीं की। वह पार्टी के समर्पित सिपाही हैं और रहेंगे। पार्टी के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर से लंबे विवाद के बाद सुरेश राठौड़ ने पिछले दिनों उन्हें पत्नी रुप में स्वीकारने का ऐलान किया था जबकि वह विवाहित हैं। हिंदू मैरिज एक्ट और उत्तराखंड सरकार का यूसीसी एक पत्नी के रहते दूसरे विवाह की अनुमति नहीं देता। इससे सरकार के यूसीसी पर भी सवाल उठाए जा रहे थे, जिसके बाद पार्टी ने पूर्व विधायक को नोटिस जारी किया है।
—————









