सिरसा: बिजली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जताया रोष
सिरसा: बिजली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जताया रोष
सिरसा, 20 मई (हि.स.)। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, सरकारी कर्मचारी परिसंघों व राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 20 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल को स्थगित करने के बाद ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन यूनियन ने मंगलवार को सिरसा में बैठक की और सरकार के खिलाफ रोष जाहिर किया।
यूनियन के प्रधान मीत चंद ने बताया कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, सरकारी कर्मचारी परिसंघों व राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर चार लेबर कोड्स रद्द करने, आठवें वेतन आयोग का गठन करने, राज्य का अलग वेतन आयोग बनाने, सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, निजीकरण बंद करने, सांप्रदायिकता पर रोक लगाने, बेरोजगारी व मंहगाई कम करने आदि मांगों को लेकर देश के मजदूरों व कर्मचारियों ने 20 मई को राष्ट्र व्यापी हड़ताल का आह्वान किया था परंतु देश की मौजूदा हालात को देखते हुए केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने हड़ताल को स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठनों ने आज हड़ताल पर जाने की बजाय अपने विभागों में विरोध प्रदर्शन किया।
यूनियन के मुख्य सलाहकार सुरजीत सिंह बेदी ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोड अधिक होने के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर जलने से लेकर अनेक दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन सामान ले जाने के लिए गाडिय़ां नहीं हंै, जिसके कारण कर्मचारियों को काफी समस्याओं से जूझना पड़ता है। बेदी ने कहा कि सब स्टेशनों पर पीने के पानी के लिए वाटर कूलर की भी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे गर्मी के मौसम में कर्मचारियों का बुरा हाल है। यही नहीं पावर हाऊसों में कुलिंग करने वाले ट्रांसफार्मर नहीं है, जिसके कारण ट्रांसफार्मर अधिक लोड के कारण आगजनी की घटनाएं हो रही है। कर्मचारी नेता ने कहा कि कार्यालयों में पुराना अलग-अलग टूटा-फूटा फर्नीचर पड़ा है। कर्मचारी 8 से 10 घंटे बैठकर काम करते हंै, ऐसे में उनके लिए बैठना भी आसान नहीं है। यही नहीं कर्मचारियों के पास जरूरी औजार तक नहीं है, जिसके चलते अपनी जान जोखिम में डालकर कर्मचारी काम कर रहे हंै। कर्मचारियों ने चेतवनी दी कि अगर समस्याओं पर जल्द संज्ञान नहीं लिया गया तो जल्द ही सर्कल स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान अगर कोई घटना होती है तो उसके लिए निगम अधिकारी जिम्मेवार होंगे।
—————









