वाणिज्यिक बागवानी प्रशिक्षण का समापन
वाणिज्यिक बागवानी प्रशिक्षण का समापन
खूंटी, 4 मई (हि.स.)। बैक ऑफ इंडिया आरसेटी मे चल रहे 13 दिवसीय प्रशिक्षण
का समापन समारोह रविवार को आयोजित किया गया। 22 अप्रैल से जारी प्रशिक्षण में विभिन्न प्रखंडों के 33 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। दुमका से आयीं प्रशिक्षिका स्नेहली हेम्ब्रोम ने प्रशिक्षुओं को वाणिज्यिक बागवानी से संबंधित विभिन्ना पहलुओं की जानकारी और प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम मुल्यांकन नेशनल एकेडमी ऑफ रूडसेटी के विवेकानंद भगत और नीरज गुप्ता ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान बागवानी संबंधी उन्नत बीजों और खादों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विभिन्न मौसमों में फलने वाले फलों और वृक्षों की जानकारी के साथ उन्हें उन्नत बीजों एवं पौधों को रोपने का सही तरीका बताया गया। इसके अलावा प्रशिक्षुओं को पेड़-पौधों की सही देखभाल और ज्यादा फलदार वृक्षों की जानकारी दी गई। बागवानी खेती के व्यावसायीकरण और ज्यादा मुनाफे के तरीकों की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा उन्हें बागवानी के आधुनिकरण, विस्तारीकरण और व्यावसायिक रणनीति का भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य खूंटी जिले के बागवानी मित्रों को एक सफल उद्यमी में तब्दील करना था। इसके अंतर्गत बाजार प्रबंधन, समस्या समाधान, बैंकिंग, बीमा योजनाओं, प्रोजेक्ट रिपार्ट की तैयारी और विभिन्न बैंकिंग, सरकारी, गैर सरकारी योजनाओं से उन्हें अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के समापन समारोह में आरसेटी खूंटी के वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाणीकरण पत्र सौंपा और उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरसेटी के संजय कुमार, सतनाम कंडुलना, निर्मल हेमरोम और जितेन्द्र महतो ने योगदान दिया।
—————









