फतेहाबाद: पीएम मोदी व अमित शाह काे लेकर विवादित पोस्ट वायरल करने वाले डॉ. ताज मोहम्मद पर केस
फतेहाबाद: पीएम मोदी व अमित शाह काे लेकर विवादित पोस्ट वायरल करने वाले डॉ. ताज मोहम्मद पर केस
फतेहाबाद, 16 मई (हि.स.)। फेसबुक आईडी से पाकिस्तान के पक्ष में पोस्ट शेयर करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से संबंधित वीडियो को एडिट कर वायरल करने के मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने शुक्रवार को शहर में डॉ. ताज मोहम्मद के नाम से मशहूर मुश्ताक अहमद के खिलाफ केस दर्ज किया है। फतेहाबाद पुलिस ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। मुस्ताक के खिलाफ बीएनएस की धारा 197 (1) डी के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, मौखिक, लिखित व वीडियो के माध्यम से झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाने और भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता व सुरक्षा को खतरा पैदा करने की धाराएं लगाई गई हैं।
बता दें कि भाजपा व विश्व हिंदू परिषद के दर्जनों कार्यकर्ता इस मामले में बुधवार रात शहर थाना फतेहाबाद में पहुंचे थे। यहां भाजपा नेता जगदीश शर्मा ने डॉ. ताज मोहम्मद के खिलाफ शिकायत देकर पाकिस्तान का समर्थन करने और प्रधानमंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया गया था। इधर, बुधवार शाम को शहर थाना पुलिस की टीम पूछताछ के लिए जैसे ही डॉ. ताज मोहम्मद घर पहुंची, उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी।
बता दें कि फतेहाबाद में ताज मोहम्मद के नाम से हड्डी रोग व जोड़ रोग विशेषज्ञ की दुकान चलाने वाले मुश्ताक अहमद के द्वारा अपनी फेसबुक आईडी पर कई ऐसी पोस्ट शेयर की गई थी जो पाकिस्तान के समर्थन में थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की वीडियो एडिट करके डाला गया था। इन फेसबुक पोस्ट के माध्यम से पाकिस्तान को ऊंचा दिखाने और भारत को नीचा दिखाने की कोशिश की गई थी। इस पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई थी। अब मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने फेसबुक से मुश्ताक की ओर से शेयर किए गए पोस्ट का रिकार्ड मांगा है। प्राथमिक तौर पर ये बात सामने आई है कि पुलिस के संज्ञान में मामला आने के बाद कुछ फेसबुक पोस्ट डिलीट भी किए गए हैं। अब फेसबुक के द्वारा पूरा डाटा मिलने के बाद डाली गई फेसबुक पोस्ट को लेकर और भी कई महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लग सकती है। इस मामले में एसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि फेसबुक पर गलत पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।









