वाल्मीकि समाज के बड़े चेहरे सुखवीर और दिल्ली यूथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष मनीष चौधरी आआपा में शामिल
वाल्मीकि समाज के बड़े चेहरे सुखवीर और दिल्ली यूथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष मनीष चौधरी आआपा में शामिल
नई दिल्ली, 16 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में वाल्मीकि समाज के जाने-माने चेहरे सुखबीर और दिल्ली यूथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष मनीष चौधरी आज आआपा में शामिल हो गए। अरविंद केजरीवाल ने पटका पहनाकर दोनों का पार्टी में स्वागत किया।
सुखबीर एनडीएमसी यूनियनों और उसकी सोसायटी के पदाधिकारी रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि सुखबीर से उनके व्यक्तिगत रिश्ते हैं। वह एनडीएमसी में फायर सर्विस से रिटायर होने के बाद आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। एनडीएमसी में सुखबीर ने 40 साल तक काम किया है। एनडीएमसी की यूनियनों में समय-समय पर निर्वाचित सदस्य रहे हैं। साथ ही, वह कई सालों तक वहां की सोसायटी के पदाधिकारी रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से युवा नेता मनीष चौधरी आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मनीष चौधरी एनएसयूआई और दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस में उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। साथ ही नेशनल यूथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके हैं। आआपा के कामों को देखते हुए मनीष चौधरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री आतिशी ने एक्स पर पोस्ट साझा कर बताया कि अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में आज दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के पूर्व उपाध्यक्ष मनीष चौधरी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
—————









