महाकुम्भ को सकुशल सम्पन्न कराने को आपदा प्रबंधन की टीम ने किया पूर्वाभ्यास

महाकुम्भ को सकुशल सम्पन्न कराने को आपदा प्रबंधन की टीम ने किया पूर्वाभ्यास

महाकुम्भ नगर,07 जनवरी(हि.स.)। महाकुम्भ 2025 को सकुशल एवं भव्य, सुरक्षित और सफल आयोजन कराने के उद्देश्य से मंगलवार को आपदा प्रबंधन की टीम ने सभी विभागों से समन्वय बनाते हुए पूर्वाभ्यास किया। यह जानकारी पुलिस उप महानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने दी।

उन्होंने बताया कि इस पूर्वाभ्यास में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की टीम और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, जल पुलिस, अग्निशमन विभाग व अन्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए महाकुंभ को सफल बनाए जाने का अभ्यास किया।

अभ्यास के दौरान महाकुंभ मेला क्षेत्र के विभिन्न जोन में आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया , अभ्यास के क्रम में जोन एक में त्रिकोनिया तिराहा माधव मंडी के पास यातायात दुर्घटना के संबंध में, जोन संगम नोज, नागवासुकी, गंगा प्रसार में भगदड़ से उत्पन्न आपात स्थिति से निपटने के लिए, जोन 03 अक्षयवट में बम मिलने की सूचना पर एक्शन, जोन 04 भारद्वाज में पीपा पुल के टूटने एवं श्रद्धालुओं के गिरने जैसी आपात स्थिति, जोन 6 एवं 9 कल्पवासी, अरैल घाट में नदी में डूबने की घटना एवं नाव पलटने की घटना, जोन 7 एवं 10 अखाड़ा, वैदिक टेंट सिटी में आग जनित आपदा आदि जैसी अन्य आपात स्थिति शामिल थीं।

पूर्वाभ्यास में नागरिक पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ की टीमों ने महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं एनडीआरएफ की टीम किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए अत्याधुनिक राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ तैयार रहने के लिए निर्देश दिया गया है।

—————