स्वामित्व योजना से 40 हजार घरौनियों का हुआ वितरण
स्वामित्व योजना से 40 हजार घरौनियों का हुआ वितरण
बागपत, 18 जनवरी (हि.स.)। बागपत जनपद के 40 हजार से ज्यादा परिवारों को स्वामित्व योजना का लाभ मिला है। ग्रामीण सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर भारत के तहत लाभार्थियों को उनके आवासीय स्वामित्व का प्रमाण देने वाले घरौनी कार्ड वितरित किए गए। बागपत कलेक्ट्रेट के लोकमंच में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यमंत्री केपी मलिक ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आज स्वामित्व योजना से भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण के माध्यम से भूमि विवादों को कम करने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान, राज्यमंत्री केपी मलिक ने 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव संबोधन भी देखा गया, जिसमें उन्होंने योजना की सफलता और इसके दूरगामी प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्वामित्व योजना पर आधारित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें इसकी प्रक्रिया और लाभों को सरल भाषा में समझाया गया।
क्या है योजना
स्वामित्व योजना को 24 अप्रैल 2020 को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन के रिकॉर्ड को डिजिटल करना है, जिससे भूमि विवादों को कम किया जा सके और ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति अधिकार सुनिश्चित हो सके।
अब तक योजना के तहत 3.17 लाख से अधिक गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। 1.53 लाख गांवों के लिए 2.25 करोड़ संपत्ति कार्ड तैयार किए गए हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री ने देश के 230 जिलों के 50,000 गांवों में संपत्ति मालिकों को 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व पंकज वर्मा अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुभाष सिंह मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव भाजपा जिला अध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय कार्यक्रम संयोजक नीरज कौशिक भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर राकेश जैन सहित आदि उपस्थित रहे।









