फतेहाबाद : जल्द कांग्रेस मुक्त हाेगा पूरा भारत: मोहन लाल बड़ौली

फतेहाबाद : जल्द कांग्रेस मुक्त हाेगा पूरा भारत: मोहन लाल बड़ौली

फतेहाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आखिरी पड़ाव पर है और समाप्ति की ओर आगे बढ़ रही है। केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि जल्द ही पूरा देश कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। आज कांग्रेस के पास ना कोई नेता है और ना ही नीति है। नेतृत्व विहीन कांग्रेस पार्टी की आपसी लड़ाई अब परिवार की लड़ाई तक पहुंच गई है।

वे रविवार को फतेहाबाद में भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भाजपा के सदस्यता अभियान को गति देने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली आज फतेहाबाद जिला कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली और सदस्यता अभियान को लेकर जिम्मेवारियां सौंपी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, प्रदेश महामंत्री सुरेंंद्र पूनिया, जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली, हरियाणा सरकार में चेयरमैन भारतभूषण मिढ़ा, रविंद्र बलियाला, वेद फुलां, जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा मौजूद रहे।

बैठक से पूर्व पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 1966 के बाद हरियाणा में किसी भी पार्टी की तीसरी बार लगातार सरकार नहीं बनी थी, लेकिन इस बार हरियाणा की जनता और कार्यकर्ताओं ने इतिहास रचते हुए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने में प्रदेश के सामाजिक और गैर राजनीतिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में 50 लाख लोगों को पार्टी से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। हर बूथ पर 250 लोगों को पार्टी से जोडऩा है।

सदस्यता अभियान में पूरी पारदर्शिता रखी गई है। ऑन लाइन कोई भी व्यक्ति इसे देख सकता है। उन्होंने कहा कि अब तक 10 लाख से ज्यादा लोगों ने भाजपा की प्राथमिकता सदस्यता ले ली है और जल्द ही हम 50 लाख के टारगेट को पूरा कर लेंगे। बड़ौली ने कहा कि अब हम 2029 के चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। इस विधानसभा चुनाव में 48 सीटों पर हमारी जीत हुई है। हारी हुई 42 विधानसभा सीटों पर अगले चुनाव में कमल खिले इसके लिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक चुनाव होता है तो हम अगले चुनाव की तैयारी में जुट जाते हैं। हर विधानसभा के हिसाब से हमने चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों के अलावा संगठन के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया है और सूची तैयार हो चुकी है। इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व ही विचार करेगा। नगर निगम चुनावों के विषय में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हर तरह के चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है।