प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला कोन्टा नपं उप अभियंता निलंबित, दर्ज हुई एफआईआर
प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला कोन्टा नपं उप अभियंता निलंबित, दर्ज हुई एफआईआर
सुकमा, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करना कोन्टा नपं के उप अभियंता देवेन्द्र कुमार पहाड़ी को महंगा पड़ गया। भाजपा नेताओं द्वारा की गई शिकायत के बाद कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने रविवार काे कोन्टा नपं के उप अभियंता देवेन्द्र कुमार पहाड़ी को निलंबित कर दिया है। वहीं कोन्टा थाने में निलंबित अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
कोन्टा नपं में पदस्थ उप अभियंता देवेन्द्र कुमार पहाड़ी ने 6 नवंबर को अपने मोबाइल से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ एक अभद्र विडियो को स्टेट्स के माध्यम से वायरल किया था। उक्त विडियो के वायरल होने के बाद कोन्टा के भाजपाईयो ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कोन्टा थाने में ज्ञापन देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण सिंह भदौरिया, हुंगाराम मरकाम, जिला कोषाध्यक्ष लीलाधर राठी व एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवाने ने कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को ज्ञापन सौंपकर उक्त कृत्य में संलिप्त कोंटा नगर पंचायत के उप अभियंता पर कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। जिसके बाद कलेक्टर ने कोन्टा नपं के उप अभियंता देवेन्द्र कुमार पहाड़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सुकमा नपा में संलग्न कर दिया है। कलेक्टर सुकमा की त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कोंटा के टीआई सोनल ग्वाला ने एफआईआर दर्ज करते हुए कोन्टा नपं के उप अभियंता देवेन्द्र कुमार पहाड़ी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
—————









