फतेहाबाद : सात महिलाओं ने दुकान पर बने स्टोर के ताले तोडक़र एक लाख का सामान चुराया

फतेहाबाद : सात महिलाओं ने दुकान पर बने स्टोर के ताले तोडक़र एक लाख का सामान चुराया

फतेहाबाद, 6 नवंबर (हि.स.)। जिले के शहर रतिया के मेन बाजार में स्थित एक दुकान के ऊपर बने स्टोर का ताला तोडक़र 7 महिलाओं ने करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह जब दुकान मालिक दुकान पर आया तो उसे चोरी का पता चला। इस बारे सूचना मिलते ही रतिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। दुकान में हुई चोरी की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 महिलाओं की पहचान हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने इन महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में रतिया निवासी विजय कुमार ने कहा है कि उसकी शहर के मेन बाजार में विजय फैन्सी स्टोर के नाम से दुकान है। दुकान के ऊपर कमरा बना हुआ है जिसको वह स्टोर के रूप में प्रयोग करता है। उसने इस कमरे में बिजली का काफी सामान रखा हुआ था। गत दिवस शाम को वह दुकान को सही सलामत बंद करके घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पर आया और स्टोर को चैक किया तो पाया कि वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था और काफी सामान गायब था। जब उसने सामान की जांच की तो पाया कि अज्ञात चोर वहां से एक इन्वर्टर, 8-10 पंखे, एसी का स्पेयर पार्ट्स, बिजली की तारें सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी हो गया था। जब उसने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चैक किया तो पाया कि अलसुबह करीब 3-4 बजे 7 महिलाएं बड़े-बड़े पलड़ों में यह सामान चोरी कर ले जाती दिखाई दी। जब उसने इन महिलाओं बारे अपने स्तर पर तलाश की तो पता चला कि शरीफा उर्फ बिल्ली पत्नी मलकीत सिंह, रूपा पत्नी राजा, पूजा पुत्री राजू, रजनी पत्नी राजू व गीता निवासी वार्ड नं. 10 रतिया नामक महिलाओं ने दो अन्य महिलाओं के साथ मिकलर उसके स्टोर का ताला तोडक़र यह सामान चोरी किया है। इस पर उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में रतिया पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।