पूर्व विधायक ने सौ करोड़ से अधिक की ठेकेदारी लेकर नहीं किया कार्य शुरू: : विधायक
पूर्व विधायक ने सौ करोड़ से अधिक की ठेकेदारी लेकर नहीं किया कार्य शुरू: : विधायक
पलामू, 10 अक्टूबर (हि.स.)।गुरुवार को पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने पांकी प्रखंड के सगालीम पंचायत के परसिया गांव स्थित सगालीम-परसिया गांव को जोड़ने वाली कलोलवा नाला पर पुल निर्माण की आधारशिला रखी। स्थानीय लोगों ने विधायक का गर्मजोशी के साथ भव्य तरीके से स्वागत किया।
मौके पर विधायक डॉ. मेहता ने कहा कि कलोलवा नदी पर पुल का निर्माण हो जाने से सगालीम-परसिया गांव की दूरी कम जाने के साथ दर्जनों गांवों का आवागमन करने में सहूलियत होगी। यहां पुल निर्माण की मांग लंबे अरसे से की जा रही थी, लेकिन पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस पर कोई काम नहीं किया। जब उनके संज्ञान में मामला आया तो तत्काल एक महीने के अंदर पुल निर्माण की स्वीकृति कराने का काम किया हूं।
विधायक डॉ. मेहता ने कहा कि पांकी विस क्षेत्र की जनता से किए गए वादे को पूरा किया जा रहा है। विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। शहर से लेकर सुदूरवर्ती क्षेत्र तक लोगों की आवश्यकता अनुसार विकास योजनाओं को पूरा किया जा रहा है।
एक सवाल के जवाब में विधायक डॉ मेहता ने कहा कि पूर्व विधायक बिट्टू सिंह विकास विरोधी हैं। वे विकास कार्यों में अड़ंगा डालने का काम करते हैं। पूर्व विधायक ने पांकी विस क्षेत्र में सौ करोड़ से अधिक की योजना की ठेकेदारी लेकर अभी तक कार्य को शुरू नहीं किया है। पूर्व विधायक चाहे जितना भी विकास कार्य रोकने का प्रयास कर ले, लेकिन उनके मंसूबे को कभी यहां की जनता कामयाब नहीं होने देगी। पांकी की जनता बाप-बेटे की घटिया राजनीति को पूरी तरह से समझ चुकी है।
एक सवाल के जवाब में विधायक डॉ. मेहता ने कहा है कि पूर्व विधायक बाप-बेटे दोनों मिलकर पांकी विधानसभा को लूटने का काम किया है। ठेकेदारी के नाम पर पैसा लूट गया है। पूर्व विधायक द्वारा बनाए गए कई पुल-पुलिया जर्जर और ध्वस्त हो गए हैं। यही कारण है कि अभी भी पांकी विधानसभा क्षेत्र में समुचित विकास नहीं हो पाया है। कई कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें पूरा करना है। जनता का आशीर्वाद बना रहा तो पांकी विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में अव्वल होगा।
मौके पर सगालीम पंचायत के मुखिया सुनील कुमार प्रजापति, सतन कुमार, विजय सिंह, सरयू चौहान, शिवा कुमार, मुकेश विश्वकर्मा, जयकिशोर ठाकुर, पंकज कुमार चंद्रवंशी आदि लोग मौजूद थे।
—————









