दस साल भूलेंगे नहीं और पांच साल छोड़ेंगे नहीं: के.एन. त्रिपाठी
दस साल भूलेंगे नहीं और पांच साल छोड़ेंगे नहीं: के.एन. त्रिपाठी
पलामू, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने गुरुवार काे 76- डालटनगंज- चैनपुर- भंडरिया विधानसभा क्षेत्र से नामांकन से पहले रेडमा आईटीआई में सभा की। सर्वप्रथम श्री त्रिपाठी अपने आवास काशीनगर, रेड़मा से पैदल चलकर आयोजन स्थल आईटीआई मैदान में पहुंच कर उपस्थित जनसैलाब से आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात ठाकुरबाड़ी मंदिर में पूजा अर्चना कर रेड़मा, ओवरब्रिज होते हुए आगे निर्वाचन कार्यालय की ओर अग्रसर हुए। दस साल भूलेंगे नहीं और पांच साल छोड़ेंगे नहीं का नारा त्रिपाठी के साथियों ने लगाकर हौसला बुलंद किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि जब मैं उपस्थित जनसमूह से मिल रहा था तो एक महिला ने चैनपुर के बोकया ग्राम स्थित जनेश्वर चौधरी की बेटा की निर्मम हत्या का विस्तृत प्रकरण बताईं तो मेरा कलेजा कांप गया और श्री त्रिपाठी ने उसी वक्त उस महिला को कहा कि मैं इस नामांकन सभा में वचन देता हूं कि मैं न्याय दिला कर रहूंगा और सामंतवाद को समाप्त करके रहूंगा।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि शिवाजी मैदान में जो पांच प्रतिज्ञा ली थी उसे पूरा करके ही रहूंगा।
उन्होंने खासमहाल, बेरोजगारी, कृषि, महिला स्वावलंबन, सुपरस्पेशलिटी हास्पिटल आदि विषयों पर बात कही। उन्होंने कहा कि नवयुवकों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि आपको रोजगार उपलब्ध कराउंगा। त्रिपाठी ने कहा कि कोयला, औरंगा व अन्य दर्जनों नदियों नालों जैसे मलय आदि को बांधकर पेयजल की समस्या के किल्लत से निजात दिलाउंगा, ताकि खेतों में हरियाली और घरों में खुशहाली ला सकूं।
नामांकन सभा में रामनवमी कमेटी के अध्यक्ष जुगल किशोर और विजय चन्द्रवंशी ने त्रिपाठी के साथ दामन थामकर एकजुट होकर विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस नामांकन सभा में सैकड़ों लोगों ने श्री त्रिपाठी का साथ देने का संकल्प लिया।
—————









