पलामू में 4614 परीक्षार्थियों ने दी जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा: उपायुक्त

पलामू में 4614 परीक्षार्थियों ने दी जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा: उपायुक्त

पलामू, 21 सितंबर (हि.स.)। जेएसएससी सीजीएल की पहली दिन की परीक्षा शनिवार को पलामू जिले में बनाये गए 16 केन्द्राें पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। इस दौरान इंटरनेट सेवा ठप रही। राज्य भर में इंटरनेट को सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर 1.30 बजे तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया था, लेकिन सुबह 5.30 बजे से ही इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी थी। इंटरनेट ठप रहने से परीक्षा के पारदर्शी होने की संभावना है, लेकिन इसका जनजीवन पर बुरा असर पड़ा।

बताते चलें कि लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थी जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के इंतजार में थे। परीक्षा होने के बाद उनके चेहरे पर खुशी का भाव साफ तौर पर देखा गया। बताते चलें कि रविवार को भी जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा जिले के 16 केन्द्रों पर होगी।

परीक्षा संपन्न होने के बाद जिले के उपायुक्त शशि रंजन एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि 4776 में से 4614 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।

मुख्यमंत्री से मिले दिशा निर्देश का परीक्षा के दौरान पूरा अनुपालन किया गया। परीक्षा केन्द्रों से सारे कॉपी वापस आ गए हैं। तीन वाहनों से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और मॉनिटरिंग के बीच प्रश्न पत्रों को पहुंचाया गया है।

एसपी ने बताया कि सीजीएल परीक्षा को लेकर बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है और परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी भी तैनात है। सुबह 5.30 से ही केंद्रों पर अभ्यर्थी पहुंचना शुरू हो गए थे। इस दौरान हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। कड़ी सुरक्षा और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर दाखिल कराया गया। अभ्यर्थियों की एक-एक चीज की जांच की जा रही थी। इसके बाद उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश कराया गया।

परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गयी। पहली पाली में 8.30 से 10.30, द्वितीय पाली 11.30 से 1.30 बजे वहीं तीसरी पाली में तीन से पांच बजे तक परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गयी है।

—————