किसान आगे बढ़ेगा, तभी देश का विकास होगा: कोचे मुंडा
किसान आगे बढ़ेगा, तभी देश का विकास होगा: कोचे मुंडा
-तोरपा में एफपीओ की चौथी वार्षिक आमसभा का आयोजन
खूंटी, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले में कार्यरत एफपीओ, तोरपा महिला कृषि बागवानी स्वबलम्बी सहकारी समिति की चौथी वार्षिक आमसभा गुरुवार को किसान पाठशाला दियांकेल तोरपा में आयोजित हुई। आमसभा का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक कोचे मुंडा, खादी ग्रामोद्योग आयोग के सदस्य (पूर्वी क्षेत्र ) मनोज कुमार सिंह, मुखिया शिशिर तोपनो और एफपीओ की सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।
आमसभा में एफपीओ की अध्यक्ष एतवारी देवी ने एफपीओ द्वारा विगत वित्तीय वर्ष में किये गये कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तोरपा का यह एफपीओ देश के टॉप 75 एफपीओ में शामिल है। उन्होंने बताया कि 101 सदस्यों से शुरू हुए इस एफपीओ में वर्तमान में चार हजार सदस्य हैं। एफपीओ की लेखापाल श्वेता गुड़िया ने विगत वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-2024 में एफपीओ ने डेढ़ करोड़ का व्यवसाय किया।
विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि यहां के एफपीओ प्रधानमंत्री की सोच को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान आगे बढेगा, तो देश आगे बढेगा। प्रधानमंत्री किसानों की आय दुगुनी करने के लिए कई योजनाएं चला रहे हैं। बीडीओ कुमुद कुमार झा ने कहा कि महिलाएं योजनाओं की जानकारी हासिल करें और उनका लाभ लें तथा अपनी आमदनी को बढ़ाये, तभी महिला सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ पाएंगी। जिला कृषि पदाधिकारी संतोष लकड़ा ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी महिलाओं को दी। थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय ने डायल 112 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी को डायन कहना या डायन का अरोप लगाना संगीन अपराध है। उन्होंने ग्रामीणों को अफीम की खेती से दूर रहने को कहा।
—————









