हरदोई: कानूनगो की टीम के साथ मारपीट मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरदोई, 06 जुलाई (हि.स.)। संडीला तहसील क्षेत्र में बीते शुक्रवार को कासिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलारपुर आट गांव में मेड़बंदी करने गई राजस्व विभाग की टीम के साथ मारपीट की गई थी। इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर चार महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हरदोई के सरॉय थोक निवासी राघवेंद्र मिश्रा संडीला तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। संडीला की एसडीएम तान्या सिंह के आदेश पर शुक्रवार को वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के दुलारपुर आंट निवासी भगौती प्रसाद और राम किशोर के खेतों की मेड़बंदी के लिए टीम के साथ गए थे। इस दौरान गांव के फूलमियां, उनकी पत्नी अनीसा, पुत्री सायमा, इजहार अली, उनकी पत्नी कारिया पुत्री अनीसा के साथ ही परिवार के मासूक अली, अकील और कमालुद्दीन मौके पर आ गए। इन लोगों ने राजस्व निरीक्षक राघवेंद्र मिश्रा के साथ अभद्रता की और मौजूद लेखपाल गिरिजा शंकर को भी लाठी-डंडों से पीट दिया।
लेखपाल गिरजा शंकर को बचाने में भगोती प्रसाद और राम शंकर भी मार खा गये। मारपीट कर सभी आरोपित मौके से भाग निकले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं लेखपाल गिरिजा शंकर को घसीटकर पिटाई करती दिख रही हैं। थानाध्यक्ष रामलखन ने बताया कि राजस्व निरीक्षक राघवेंद्र मिश्रा की तहरीर पर चार महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। वीडियो के आधार पर उन सभी की गिरफ्तारी भी की जा रही है।









