देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग को लेकर गायिका कवि रामेश्वरम तक करेंगी पद यात्रा

हरिद्वार, 05 जुलाई (हि.स.)। भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग को लेकर गायिका कवि सिंह हरिद्वार से रामेश्वरम तक पद यात्रा करेंगी। उन्होंने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र बने, इसके लिए हिंदू समाज को जागरूक होना होगा।

शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में गायिका कवि सिंह ने कहा कि हिंदू समाज को सनातन संस्कृति और इसके गौरव के प्रति जागरूक करने के लिए वे 9 जुलाई को हरकी पैड़ी पर पूजा अर्चना कर रामेश्वरम तक पद यात्रा शुरू करेंगी। यात्रा के रामेश्वरम पहुंचने पर हरिद्वार से ले जाए गए गंगा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगी। उन्होंने बताया कि यात्रा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड सहित 14 राज्यों से होकर गुजरेगी। यात्रा के समापन पर वे पुनः हरिद्वार आएंगी और रामेश्वरम से लायी गयी समुद्र की मिट्टी को गंगा में प्रवाहित करेंगी।

इस दौरान श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कवि सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और सनातन संस्कृति के प्रति हिंदू समाज को जागरूक करने के लिए निकाली जा रही यात्रा में अखाड़ा पूर्ण सहयोग करेगा।