देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है भाजपा : प्रदीप जैन आदित्य
– झांसी कांग्रेस ने राहुल गांधी के पुतला दहन को बताया लोकतंत्र की हत्या
झांसी, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी झांसी के तत्वाधान में राहुल गांधी का पुतला फूंकने को भाजपा द्वारा लोकतंत्र की हत्या करने वाला बताया। इसको लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य एवं जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पारीछा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रकट किया। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पैतृक निवास के सामने किए जाने को अराजकता फैलाने वाला करार दिया। इस सम्बंध में उन्हाेंने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि प्रदेश ही नहीं पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं द्वारा अराजकता फैलाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से भाजपा नेताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के घर के सामने पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका, निश्चित ही देश में डर और भय का माहौल बनाकर लोकतंत्र को खत्म करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सदन में जनता की आवाज बनाकर भाजपा के असली चेहरे को उजागर कर रहे थे। वो भ्रष्ट सरकार द्वारा नीट जैसी उच्च स्तरीय परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक जैसे मामले को उठाकर देश के युवाओं की आवाज बुलंद कर रहे थे।
प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा ने कहा कि भाजपा अब केवल भ्रष्टाचार जनता पार्टी बन कर रह गई है जिसे उजागर करने वालों को या तो जेल में डाल दिया जाता है या उनके खिलाफ माहौल बना दिया जाता है। राहुल गांधी जनता की आवाज बनकर भाजपा के भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं, जिससे भाजपा तिलमिला गई है।
जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि देश में अराजकता फैलाने वाले भाजपा के कार्यकर्ताओं और संरक्षण देने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग करते हैं ताकि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहे।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, राजेंद्र सिंह यादव, रघुराज शर्मा, एडवोकेट विवेक बाजपेई, मुकेश अग्रवाल, शंभू सेन, नीता अग्रवाल, सीडी लिटोरिया, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, देशराज रिछारिया, अशोक कंसोरिया, अनिल रिछारिया, अमीरचंद आर्य, सरला भदोरिया, इदरीस खान, अफजाल हुसैन, पंकज मिश्रा, प्रोफेसर इकबाल खान, राजकुमार फौजी, अभिषेक, धर्मेंद्र यादव, चौधरी अनस, अरविंद यादव, निलेश सोनी आदि उपस्थित रहे।









