शहीद गंगा नारायण की प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर भूमिज समाज का धरना
पूर्वी सिंहभूम, 17 नवंबर । गोपाल मैदान में टाटा स्टील के पांच दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम में देश-विदेश के आदिवासी समुदाय अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत को साझा कर रहे हैं।
इसी बीच मंगलवार को सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सोसायटी परिसर के बाहर भूमिज समाज के लोगों ने शहीद गंगा नारायण की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर धरना दिया। प्रदर्शनकारी राधेश्याम सिंह भूमिज
ने कहा कि जिस परिसर में आदिवासी समाज के विभिन्न शहीदों और महापुरुषों की विरासत को स्थान दिया गया है, वहां भूमिज समुदाय के महानायक शहीद गंगा नारायण की प्रतिमा भी स्थापित की जानी चाहिए।
धरना दे रहे भूमिज समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर पहले भी टाटा स्टील प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। समाज का कहना है कि ट्राइबल कल्चर सोसायटी आदिवासी इतिहास, संस्कृति और परंपरा को देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच है।
यहां आने वाले लोगों को विभिन्न आदिवासी समुदायों के इतिहास और उनके संघर्ष से परिचित कराया जाता है। ऐसे में शहीद गंगा नारायण की प्रतिमा स्थापित होने से भूमिज समाज के इतिहास और बलिदान को भी उचित पहचान मिलेगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहीद गंगा नारायण ने आदिवासी समाज के अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष किया था। उनकी स्मृति को ट्राइबल कल्चर सोसायटी परिसर में स्थान मिलना भूमिज समाज के लिए सम्मान की बात होगी। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत टाटा स्टील के गेट पर जाम लगाने की चेतावनी दी गई है।










