una-jaswant-rai-puneet-

जसवंत राय के स्वास्थ्य में आया सुधार, दिवाली पर पुनीत मोदगिल ने घर पहुंचकर जाना हाल

ऊना, 09 नवंबर । अर्मेनिया में मुश्किल हालात से गुजरने के बाद अपने घर कुठारबीत लौटे जसवंत राय के स्वास्थ्य में अब धीरे-धीरे सुधार आ रहा है। जसवंत के उपचार की जिम्मेदारी संभाल रहे समाजसेवी एवं भाजपा नेता पुनीत मोदगिल ने दिवाली के अवसर पर उनके घर पहुंचकर कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली। जसवंत के स्वास्थ्य में हो रहे सुधार से परिवार को भी राहत मिली है।

गौरतलब है कि जसवंत राय 18 अगस्त 2026 को रोजगार के सिलसिले में विदेश गए थे, लेकिन वहां उनकी तबीयत बिगड़ने और अपाहिज हालत में पहुंचने के बाद परिवार की मुश्किलें बढ़ गई थीं। उनकी स्थिति को देखते हुए पुनीत मोदगिल 17 अक्टूबर को अर्मेनिया पहुंचे और तमाम कठिनाइयों के बीच 21 अक्टूबर को उन्हें सुरक्षित भारत वापस लेकर आए थे। घर पहुंचने के बाद जसवंत के बेहतर उपचार के लिए उन्हें एम्स बिलासपुर ले जाया गया। अब उन्हें सप्ताह में एक बार उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया जाता है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उन्हें इंजेक्शन लगाया जाता है। पुनीत मोदगिल ने जसवंत के उपचार का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी ली है। दिवाली के मौके पर पुनीत मोदगिल ने जसवंत के घर पहुंचकर न केवल उनका हालचाल जाना, बल्कि परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। जसवंत के स्वास्थ्य में आ रहे सुधार से परिवार में उम्मीद जगी है। परिवार को भरोसा है कि नियमित उपचार और उचित देखभाल से जसवंत जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे।