punjab-diwali-10-stubble-burni

दिवाली पर पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 10 गुना वृद्धि- कपिल मिश्रा

नई दिल्ली, 09 नवंबर । दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की 10 गुना वृद्धि (1200 घटनाओं) को लकेर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिवाली की शाम से पंजाब के किसानों के फोन आने शुरू हुए, जिनमें बताया गया कि जब किसान अपने परिवार के साथ दिवाली मना रहे थे, उस दौरान उनके खेतों में आग लगाई जा रही थी। शुरुआत में इन शिकायतों पर विश्वास करना कठिन था, लेकिन लगातार विभिन्न क्षेत्रों से ऐसी सूचनाएं मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार के सैटेलाइट डेटा मंगवाया गया।

कपिल मिश्रा ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 9 शाम नाथ मार्ग, सिविल लाइन पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार पंजाब में 5, 6 और 7 नवंबर को पराली जलाने की घटनाएं लगभग 100 से 125 के बीच दर्ज हुई थीं, जबकि 8 नवंबर की शाम यह संख्या अचानक बढ़कर लगभग 1200 हो गई। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में घटनाओं की संख्या में इतनी बड़ी वृद्धि कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आशंका जताई कि किसानों के खेतों में जानबूझकर आग लगाकर दिवाली, किसानों और दिल्ली को बदनाम करने का प्रयास किया गया है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि “7 नवंबर को लगभग 125 स्थानों पर पराली जलने की घटनाएं थीं, फिर दिवाली के दिन अचानक 1200 स्थानों पर आग कैसे लग गई? 10 गुना से ज्यादा आंकड़ा कैसे बढ़ गया? यह बहुत गंभीर विषय है।”

मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब के किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि किसान पूरी कोशिश कर रहे थे कि पराली न जलाएं। कुछ जगहों पर मजबूरी में आग लगी होगी, लेकिन दिवाली के दिन अचानक इतनी बड़ी संख्या में घटनाएं सामने आना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि “यह किसानों के खिलाफ साजिश है, यह दिवाली के खिलाफ साजिश है, यह दिल्ली के खिलाफ साजिश है और यह पंजाब के खिलाफ साजिश है।”

कपिल मिश्रा ने पंजाब के विभिन्न शहरों के प्रदूषण स्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि 9 नवंबर की सुबह मलोट में एक्यूआई 1238, अबोहर में 1307 और संगरूर में 1651 दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों और आम नागरिकों का भी दम घुट रहा है। उन्होंने सवाल किया कि “आज संगरूर का जो एक्यूआई है, उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? बठिंडा का AQI किसकी जिम्मेदारी होगी? आखिर पंजाब के किसानों के खेतों में आग कौन लगा रहा है और यह आग क्यों लगवाई जा रही है?”

कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि दिवाली से पहले ही आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा दिवाली, पटाखों और सनातन परंपराओं के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि दिवाली के खिलाफ अपमानजनक बयान, हिंदुओं के त्योहारों का अपमान और सनातन परंपराओं के खिलाफ अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक हुई वृद्धि और दिवाली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के समय को लेकर गंभीर संदेह उत्पन्न होते हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग दिवाली, पटाखों और सनातन के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। सनातन को गाली देना और हिंदुओं के त्योहारों का अपमान करना बंद करिए। दिवाली और सनातन के खिलाफ यह पाप मत करिए। इस पाप के लिए ईश्वर आपको कभी माफ नहीं करेगा।

कपिल मिश्रा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि 8 नवंबर की रात जिन-जिन क्षेत्रों में खेतों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं, वहां तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए और विस्तृत जांच की जाए। उन्होंने कहा कि 7 नवंबर को केवल 125 जगह पर पराली जलाई गई, 6 नवंबर को लगभग 100 जगह और 5 नवंबर को भी लगभग 100 जगह पर घटनाएं दर्ज हुईं। फिर 8 नवंबर की शाम अचानक 1200 जगहों पर आग कैसे लग गई? यह सैटेलाइट का वैज्ञानिक आंकड़ा है, जो गंभीर सवाल खड़े करता है।

दिल्ली में प्रदूषण के मुद्दे पर कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रदूषण आज भी एक गंभीर समस्या है और इसे समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने प्री-दिवाली और पोस्ट-दिवाली प्रदूषण के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में प्रदूषण में 43.33 प्रतिशत और 2024 में लगभग 10 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष पहली बार प्री-दिवाली और पोस्ट-दिवाली प्रदूषण के आंकड़ों में 1.33 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि “यह पहली बार है कि प्री-दिवाली और पोस्ट-दिवाली प्रदूषण में माइनस 1.33 प्रतिशत का आंकड़ा आया है। यह पहली बार है। ऐसा नहीं है कि प्रदूषण खत्म हो गया है या प्रदूषण कोई समस्या नहीं है, लेकिन जब लोगों की नीयत साफ होती है, मेहनत से काम किया जाता है और जनता तथा सरकार मिलकर प्रयास करते हैं, तो उसके परिणाम दिखाई देते हैं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि किसानों, दिवाली और सनातन परंपराओं को एक-दूसरे के विरोध में खड़ा करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान शांति से दिवाली मनाना चाहते थे और उन्हें किसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाकर बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने भगवंत मान से किसानों के हित में तत्काल कार्रवाई करने, खेतों में आग लगाने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।