खेत में करंट लगने से महिला की मौत
खूंटी, 03 नवंबर । रनिया थाना क्षेत्र के बलंकेल और बंदापाड़ी गांव की सीमा पर सरना गड़ा के समीप खेत में करंट लगने से महिला फुलमनी कंडुलना (40) की मौत हो गई।
मृतका बलंकेल बरटोली गांव की निवासी थी। मंगलवार को खेत में उसका शव देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार, फुलमनी सोमवार को घर से रनिया साप्ताहिक हाट जाने के लिए निकली थी। वह अपने साथ एक थैले में धान लेकर जा रही थी, जिसे हाट में बेचने की योजना थी। घटनास्थल पर शव के पास मिले थैले में धान भी बरामद हुआ है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हाट जाने के दौरान ही उसके साथ यह हादसा हुआ।
मृतका के बाएं हाथ के अंगूठे के बीच जलने का निशान और दाहिने कान से खून बहने के चिह्न पाए गए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि खेत में हाथियों के आतंक से बचाव या सिंचाई के उद्देश्य से अवैध रूप से विद्युत तार बिछाया गया होगा, जिसकी चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में सनहा दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। खेत में विद्युत तार लगाए जाने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।










