नेपाल और बांग्लादेश में होगा 2027 का अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप, आईसीसी ने जारी किया शेड्यूल
काठमांडू, 21 अक्टूबर । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आज आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप 2027 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट 21 जनवरी से 6 फरवरी तक नेपाल और बांग्लादेश में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में 16 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 41 मैच खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण में चार-चार टीमों के चार ग्रुप बनाए गए हैं। मैच काठमांडू के टीयू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मूलपानी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान के अलावा बांग्लादेश के चट्टोग्राम स्थित वीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम और सिलहट स्थित सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
पहले दिन सुबह बांग्लादेश का सामना यूएई से होगा, जबकि दोपहर में पिछले संस्करण की उपविजेता ऑस्ट्रेलिया एसआईसीएस ग्राउंड-1 पर नाइजीरिया से भिड़ेगी।
काठमांडू में श्रीलंका और स्कॉटलैंड के बीच ऊपरी मूलपानी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर मुकाबला होगा। इसके बाद इंग्लैंड की टीम अमेरिका से भिड़ेगी।
दो बार की मौजूदा चैंपियन भारत 22 जनवरी को काठमांडू के टीयू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से अपने खिताब की रक्षा के अभियान की शुरुआत करेगी।
मेजबान नेपाल भी इसी दिन आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। न्यूजीलैंड का सामना समोआ से होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका चट्टोग्राम में पाकिस्तान के खिलाफ उतरेगा।
ग्रुप चरण के मुकाबले 26 जनवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद क्वालीफाई करने वाली टीमें सुपर सिक्स चरण में प्रवेश करेंगी। इन टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
सेमीफाइनल मुकाबले 4 फरवरी को चट्टोग्राम के वीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। 5 फरवरी को रिजर्व डे के रूप में रखा गया है।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे खेला जाएगा। इसके लिए 7 फरवरी को रिजर्व डे निर्धारित किया गया है।










