राजस्थान और ग्रीस के बीच डिजिटल सुशासन व प्रशासनिक सुधारों में सहयोग की तैयारी
जयपुर, 12 अक्टूबर । राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने सोमवार को ग्रीस की राजधानी एथेंस में राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय सरकार केंद्र (ईकेडीडीए) के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
आईएएसआईए-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर हुई इस बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल सुशासन, प्रशासनिक सुधार और जन-केंद्रित सरकारी सेवाओं के क्षेत्र में भारत और ग्रीस के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने लोक प्रशासन से जुड़े संस्थानों के बीच ज्ञान, अनुभव और नवाचारों के आदान-प्रदान को समय की आवश्यकता बताते हुए आईआईएएस और ईकेडीडीए के बीच दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के लिए संयुक्त कार्य समूह गठित करने तथा डिजिटल सुशासन, साइबर सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और लोक सेवकों के कौशल विकास पर संयुक्त अनुसंधान एवं प्रशिक्षण की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।
बैठक में वी. श्रीनिवास ने भारत की केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीग्राम्स) और ई-ऑफिस जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने राजस्थान में जन शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्थान संपर्क प्रणाली तथा आधारभूत संरचना परियोजनाओं की निगरानी के लिए राज उन्नति मंच के उपयोग की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाना नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना भी है।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र की प्रशिक्षण गतिविधियों और मिशन कर्मयोगी के तहत राजस्थान में अधिकारियों की क्षमता संवर्धन के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन’ के दृष्टिकोण के अनुरूप तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के समन्वय को प्रभावी प्रशासन का आधार बताया।
वी. श्रीनिवास 12 से 15 अक्टूबर तक एथेंस में आयोजित आईएएसआईए-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। ‘बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के लगभग 600 प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य सचिव 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 14 अक्टूबर को सम्मेलन का उद्घाटन संबोधन और 15 अक्टूबर को समापन संबोधन देंगे। सम्मेलन के दौरान उनके नेतृत्व में विकसित किए जा रहे आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।










