3-lost-childs-safely-recover

फतेहाबाद : घर से लस्सी लेने निकले तीन बच्चे पहुंचे बरवाला, सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने ली राहत की सांस

फतेहाबाद, 12 अक्टूबर । जिले के भूना क्षेत्र के गांव नहला में लस्सी लेने निकले तीन बच्चों के अचानक लापता होने से बाबा तीर्थनाथ ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों और भट्ठा संचालकों में हडक़ंप मच गया। रविवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले तीनों बच्चे दोपहर तक भट्ठे पर वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। सोमवार को तीनों बच्चे बरवाला के पास एक ईंट भट्ठे पर सुरक्षित मिल गए। बच्चों के मिलने की सूचना से परिजनों और भट्ठा संचालकों प्रधान सतबीर सिह ढिल्लों व जयप्रकाश बंसल आदि ने राहत की सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय आंचल और 11 वर्षीय सुशीला पुत्री कासी राम तथा 10 वर्षीय गुलशन पुत्र नगीना निवासी बिहार, हाल आबाद नहला, रोजाना की तरह रविवार सुबह लस्सी लेने गांव में गए थे। तीनों बच्चे नहला गांव के किरमारा रोड स्थित बाबा तीर्थनाथ ईंट भट्ठे से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद भट्ठा संचालक और मजदूरों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। इसमें तीनों बच्चे हाथों में डोलियां लेकर गांव की तरफ जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया और विभिन्न थानों में भेजकर तलाश में मदद मांगी।जांच में सामने आया कि तीनों बच्चे गांव के बस स्टैंड से एक पिकअप गाड़ी में बैठकर बरवाला के पास स्थित दूसरे ईंट भट्ठे पर पहुंच गए थे। वहां उनका एक परिचित रहता था। सोमवार को व्हाट्सएप समूह में बच्चों की तस्वीरें देखकर वहां मौजूद लोगों ने अपने रिश्तेदार को सूचना दी, जिसके बाद बच्चों के मिलने की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि तीनों बच्चे पिकअप गाड़ी में बैठकर अपने रिश्तेदार के पास बरवाला पहुंच गए थे। तीनों बच्चे सुरक्षित मिल गए हैं।