ज्योतिरादित्य सिंधिया 16 अक्टूबर से मप्र के अशोकनगर जिले के प्रवास पर, युवाओं से करेंगे संवाद
अशोकनगर, 12 अक्टूबर । केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 16 अक्टूबर से मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के तीन प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान उनका 17 अक्टूबर को अशोकनगर स्थित अशोका होटल में युवा संगम कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया जिले के युवाओं से संवाद करेंगे तथा उनके विचारों, सुझावों और अपेक्षाओं को जानेंगे।
कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर साकेत मालवीय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवा संगम कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मालवीय ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन,अपर कलेक्टर डीएन सिंह, संयुक्त कलेक्टर विकास कुमार आनंद, एसडीएम इसरार खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर मालवीय ने निर्देश दिए कि केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जिले के तीन दिवसीय भ्रमण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि केन्द्रीय मंत्री सिंधिया 16, 17 एवं 18 अक्टूबर को जिले के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान होने वाले विभिन्न कार्यकमों एवं बैठकों की समुचित व्यवस्थाओं हेतु संबंधित अधिकारियों की डयूटी लगाई जाए।
कलेक्टर ने बताया कि भ्रमण के दौरान 16 अक्टूबर को केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा करीला माता मंदिर में दर्शन तथा आदिवासी सम्मेलन, मुंगावली में दिशा बैठक एवं प्रेस कांफ्रेस, सेहराई में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा, जबकि 17 अक्टूबर को वे चंदेरी किला कोठी पर जनसंपर्क, निर्माणधीन अस्पताल का निरीक्षण, ग्राम चौपाल में भाग लेंगे। साथ ही अशोकनगर में पोस्ट आफिस का उद्घाटन, विकास कार्यो का उद्घाटन एवं शिलान्यास एवं युवा संगम कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसी प्रकार सिंधिया 18 अक्टूबर को जनसंपर्क कार्यालय में जनसंपर्क करेंगे, शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप निर्मित होने वाले नवीन कॉल सेंटर भवन का भूमिपूजन करेंगे, साथ ही कौशल विकास सम्मेलन का आयोजन तथा आपदा राहत युवा मित्र कार्यक्रम में भाग लेंगे, तत्पश्चात नगर सौदर्यीकरण के कार्यो का भूमि पूजन करेगें। बैठक में केन्द्रीय मंत्री की जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति,समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये।










