दिल्ली हाई कोर्ट के लॉन में वकीलों ने किया संविधान की प्रस्तावना का पाठ
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर । दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने आज दिल्ली उच्च न्यायालय के लॉन में इकट्ठा होकर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान वकीलों के साथ हुए दुर्व्यहार के खिलाफ साेमवार काे वकीलों ने कामकाज के दौरान हाथ में काली पट्टी बांध कर विरोध भी जताया।
गौरतलब है कि गत 10 अक्टूबर को पुलिस कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ वकील शादान फरासत और दिनेश द्विवेदी समेत कई वकीलों को हिरासत में लिये जाने की घटना सामने आई थी। इसके खिलाफ वकीलों में तीखी नाराजगी है। वकीलों ने इस घटना के विरोध स्वरूप आज शांतिपूर्ण तरीके से अपना असंतोष व्यक्त किया।
दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया था कि 10 अक्टूबर को शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान वकीलों की अवैध हिरासत और अत्यधिक बल प्रयोग की हम निंदा करते हैं।
नोटिस में एसोसिएशन ने वकीलो से आह्वान किया था कि पुलिस कार्रवाई की निंदा की जाए और 12 अक्टूबर को वकील कोर्ट में पेश होते समय काली पट्टी पहनकर जाएं। ये निर्णय उन वकीलों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए लिया गया है, जिनके साथ 10 अक्टूबर को बदसलूकी की गई थी और उनपर बल प्रयोग किया गया था।










