pauri-received-scholarships

पौड़ी में 54 छात्राओं को मिले छात्रवृत्ति के चैक

पौड़ी गढ़वाल, 11 अक्टूबर । श्री कंडोलिया देवता मातृ-पितृ विहीन कन्या शिक्षा ट्रस्ट की ओर से शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 54 छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। ट्रस्ट अब तक कुल 186 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान कर चुका है। ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद एवं मातृ-पितृ विहीन बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है।

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में परिसर निदेशक डा.उमेश चंद्र गैरोला, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, पीआईएमएस के संस्थापक डॉ. वीपी बलौदी ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षिक प्रयासों की सराहना की। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारिों ने बताया कि ट्रस्ट की स्थापना दिसंबर 2019 में हुई थी।

वर्ष 2020 में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रथम छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तब से ट्रस्ट निरंतर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग प्रदान कर रहा है। अब तक 186 बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना ट्रस्ट की सामाजिक प्रतिबद्धता और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के संस्थापक कालिका प्रसाद काला, संरक्षक पुष्पा मानस काला, मुख्य ट्रस्टी प्रदीप कुमार भट्ट, केपी मैठाणी, कैलाश कन्नौजिया, प्रबंधक उत्कर्ष भट्ट, दिनेश गैरोला, आशीष जदली, नागेंद्र जुगरान, निशा चौधरी, नमिता रावत, मधु नैथानी, अक्षत, अनुज, केतन, रोहित, मयूर भट्ट आदि मौजूद रहे।