dj-police-bns-pollution-sound

जबलपुर में डीजे पर पुलिस का शिकंजा, किसी भी सूरत में सड़कों पर नहीं बजेंगे

जबलपुर, 11 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में नियमों को ताक पर रखकर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने देर रात से सुबह तक सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने महानद्दा रोड स्थित खालसा कॉलेज के सामने देर रात दबिश देकर अवैध रूप से डीजे बजाने के मामले में कार्रवाई की। पुलिस ने डीजे चालक को गिरफ्तार कर मिनी ट्रक और 12 साउंड बॉक्स जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, खालसा कॉलेज के सामने महानद्दा रोड पर शनिवार देर रात तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही वहां डीजे की धुन पर डांस कर रहे युवकों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से डीजे चालक रोहित सिंह ठाकुर को पकड़ लिया और ध्वनि विस्तारक उपकरणों से लदे मिनी ट्रक को जब्त कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि डीजे का संचालन वैध अनुमति के बिना किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।

पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन कर डीजे संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।