jh-ddc-reviews-development-pro

मझगांव में योजनाओं की प्रगति पर डीडीसी की नजर, समय पर काम पूरा करने का निर्देश

पश्चिमी सिंहभूम, 16 सितंबर । उप विकास आयुक्त (डीडीसी) उत्कर्ष कुमार ने बुधवार को मझगांव प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। मझगांव, सोनपोसी, धोबाधोबीन और तरतरिया पंचायतों में निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति, निर्माण की स्थिति और खर्च से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से ली। निरीक्षण में जहां कई योजनाओं पर काम जारी मिला, वहीं आवास और कुछ निर्माणाधीन योजनाओं में गति बढ़ाने की आवश्यकता सामने आई। इसके बाद डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को काम में तेजी लाने एवं सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

मझगांव में जिला परिषद की ओर से प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए चिन्हित जमीन का भी डीडीसी ने निरीक्षण किया।

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत कर प्रस्तावित बस स्टैंड से होने वाली संभावित राजस्व आय और क्षेत्र को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली। बस स्टैंड के आसपास प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स और डाक बंगला के स्थल को भी देखा गया। उन्होंने जिला परिषद के कर्मियों और अभियंताओं को स्थल से संबंधित आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मनरेगा की योजनाओं के सोशल ऑडिट की स्थिति की भी समीक्षा हुई। डीडीसी ने बिरसा हरित ग्राम योजना, अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने पाया कि आवास योजनाओं में निर्माण कार्यों को और गति देने की जरूरत है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को लाभुकों से लगातार संपर्क कर उन्हें निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग की राशि से चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों, स्वीकृत योजनाओं और खर्च की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को लंबित न रखा जाए और निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूरा कराया जाए।

सोनपोसी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में उन्होंने केंद्र की जरूरतों की जानकारी ली और बीडीओ विजय रंजन तिर्की को आवश्यकता के अनुसार इसके सुदृढ़ीकरण का काम कराने का निर्देश दिया। तरतरिया पंचायत में उच्च विद्यालय परिसर में डीएमएफटी मद से बन रहे छह कमरों के भवन और चाहरदीवारी की प्रगति भी देखी गई।

इसके बाद बेलमा डैम में पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए अनाबद्ध निधि से चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। यहां डीडीसी ने कार्यकारी एजेंसी के अभियंताओं को काम की रफ्तार बढ़ाकर समयबद्ध तरीके से योजना पूरी करने का आदेश दिया।