फसल नुकसान का जल्द होगा सर्वे, मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को दिए निर्देश
भोपाल, 15 सितम्बर । मध्य प्रदेश के सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों ने मंगलवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि मौसम की मार से मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि उड़द की फसल में भी अप्लान की समस्या सामने आ रही है। किसानों ने प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर उचित राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राजपूत ने तत्काल सागर कलेक्टर, एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरखी, जैसीनगर और राहतगढ़ सहित प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आंधी-तूफान और बारिश से प्रभावित फसलों की वास्तविक स्थिति का मौके पर जाकर आकलन किया जाए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर राहत एवं मुआवजा मिल सके।
मंत्री राजपूत ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब होने से किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार किसानों के साथ खड़ी है। फसल नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार जल्द राहत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। किसानों ने अपनी समस्याएं विस्तार से मंत्री के समक्ष रखीं। किसानों ने बताया कि अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे उनकी मेहनत और खेती में लगी लागत प्रभावित हुई है। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का उचित आकलन करने की मांग की, जिससे उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
मंत्री राजपूत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे की कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और प्रभावित किसानों की स्थिति का सही आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में भी किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। किसानों ने उनकी समस्या गंभीरता से सुनने और तत्काल अधिकारियों को निर्देश देने के लिए मंत्री राजपूत का आभार व्यक्त किया।









