कैंपर और टोटो की टक्कर में एक की मौत, बच्ची सहित चार घायल
पश्चिमी सिंहभूम, 15 सितंबर । जिले में सोमवार की रात अमिता और दलियामिर्चा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में टोटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बच्ची सहित चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना सोमवार रात की है, जब तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने सामने से टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टोटो पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में टोटो पर सवार जगाय पुर्ती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में करीब 15 वर्षीय एक बच्ची के पैर में गंभीर चोट लगी है। बताया गया कि उसका पैर टूट गया है। इसके अलावा टोटो में सवार अन्य दो लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा चक्रधरपुर जिला मंत्री रानी बांदिया ने पीड़ित पक्ष की मदद के लिए पहल की। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया, जिसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। रानी बांदिया ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग भी रखी है।









