syber-crime-froud-criminals

जबलपुर: एटीएम कार्ड की फोटो भेजते ही खाते से उड़ गए 12 लाख, फर्जी ई-मेल से कारोबारी को 27 लाख की चपत

जबलपुर, 05 सितंबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में साइबर ठगों द्वारा अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की ठगी को अंजाम देने का मामला सामने आया है।

शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए गोरखपुर सीएसपी महादेव नागोटिया ने बताया कि एक मामले में फर्जी ई-मेल के जरिए कारोबारी फर्म के बैंक खाते की जानकारी बदलवाकर 27 लाख 5 हजार 690 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। वहीं दूसरे मामले में मोबाइल संबंधी सहायता और रिफंड का झांसा देकर महिला से एटीएम कार्ड की फोटो हासिल की गई और उसके खाते से 12 लाख रुपये पार कर दिए गए।

गोरखपुर थाना क्षेत्र निवासी भावना चौबे ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सामने वाले व्यक्ति की बात पर भरोसा करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से अपने एटीएम कार्ड की फोटो भेज दी थी। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से रकम निकलने लगी। ठगों ने चार बार में कुल 12 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही भावना चौबे ने पुलिस से शिकायत की।

वहीं साइबर ठगी के दूसरे मामले में कारोबारी फर्म को इंदौर की एक वास्तविक कंपनी के नाम से फर्जी ई-मेल भेजा गया। ई-मेल के जरिए कंपनी के बैंक खाते में बदलाव की जानकारी दी गई। कारोबारी ने इसे वास्तविक समझकर बताए गए नए खाते में 27 लाख 5 हजार 690 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में फर्जीवाड़े का पता चला।

दोनों मामलों में साइबर ठगों ने भरोसा जीतकर रकम हासिल करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों, लेनदेन और संदिग्धों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।