uk-blood-donation-camp

गुरुकुल कांगड़ी में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर, 40 यूनिट रक्त एकत्र

हरिद्वार, 20 अगस्त । गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर विश्वविद्यालय सभागार में निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि स्वराज फाउंडेशन, रुड़की के सहयोग से रक्तदान शिविर का संचालन किया गया।

शिविर का शुभारंभ समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परमात्मा ने मानव जीवन को सर्वोत्तम एवं उपयोगी बनाया है और शरीर की सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए प्राकृतिक रूप से अनेक व्यवस्थाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि शरीर में रक्त अमूल्य निधि है, जो विभिन्न शारीरिक प्रक्रियाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कुलपति ने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि युवावस्था रक्तदान के लिए सबसे उपयुक्त अवस्था है। उन्होंने कहा कि रक्त निर्माण शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया है और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने छात्रों एवं युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

कार्यक्रम के संयोजक डा. हरीश चंद ने बताया कि शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं, रक्तदान शिविर में कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

रक्तदान करने वालों में डॉ. अजेन्द्र, डॉ. नितिन भारद्वाज, प्रवीण सहित विभिन्न छात्र एवं अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान के प्रति युवाओं की भागीदारी समाज में सेवा एवं मानवीय संवेदना की भावना को मजबूत करती है।

शिविर के आयोजन में मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून की टीम के डॉ. नवीन नाथ, डॉ. उत्कर्ष दीक्षित, असिसन, अपेक्षना, अनमोल, हिमांशु सैनी एवं अनिश रमोला का विशेष योगदान रहा। वहीं स्वराज फाउंडेशन के संयोजक अनिल पाराशर तथा जीवन रक्षक ब्लड सेंटर हरिद्वार के डॉ. चंदन, वीरेन्द्र, संदीप, शमशाद अली, शिवानी, प्रज्ञा, सरफराज, विजय, चित्रेश, अजहर एवं अयान सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया।

कार्यक्रम में प्रो. अरुण कुमार, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. उधम सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. विक्रम चौधरी, कुलभूषण शर्मा, मनोज कुमार, हेमंत नेगी, धर्मेंद्र बिष्ट, प्रवीण कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ ही रक्तदान के महत्व का संदेश भी दिया गया।