sports-badminton-world-championships-india

बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 17 अगस्त से, आईओए ने दुनिया भर के खिलाड़ियों और प्रशंसकों का किया स्वागत

नई दिल्ली, 13 अगस्त । भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 के लिए दुनिया भर के बैडमिंटन खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों का स्वागत किया है।

विश्व के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने वाली यह चैंपियनशिप खेल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल है। इसके आयोजन के साथ भारत ने बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए खुद को एक भरोसेमंद और सक्षम देश के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

आईओए ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि चैंपियनशिप की सफल मेजबानी भारत सरकार के निरंतर सहयोग और प्रधानमंत्री नरेनद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश के खेल तंत्र को मजबूत करने तथा भारत को वैश्विक खेल राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। खेल बुनियादी ढांचे, खिलाड़ियों के विकास, उच्च प्रदर्शन कार्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में लगातार निवेश के माध्यम से भारत ने विश्व खेल मंच पर अपनी स्थिति मजबूत की है।

भारत में इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी से न केवल देश की आयोजन क्षमता का प्रदर्शन होता है, बल्कि युवा पीढ़ी को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरणा मिलती है। साथ ही खिलाड़ियों और अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी विरासत तैयार होती है।

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा ने कहा, “बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 भारत की खेल यात्रा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है। हमें विश्व के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों का नई दिल्ली में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। भारत ने लगातार यह साबित किया है कि वह बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की उच्चतम मानकों के साथ मेजबानी करने में सक्षम है और यह चैंपियनशिप ओलंपिक आंदोलन तथा खेल के विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।”

उन्होंने कहा, “भारत में आयोजित होने वाला प्रत्येक बड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन एक स्थायी विरासत तैयार करता है। यह हमारे खेल तंत्र को मजबूत करता है, युवाओं को उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करता है और हमारे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों तथा खेल प्रशासकों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ लोगों से सीखने और उनके साथ जुड़ने के अमूल्य अवसर प्रदान करता है। हमें विश्वास है कि भारत आने वाला हर व्यक्ति यहां की गर्मजोशी, आतिथ्य, व्यावसायिकता और खेल के प्रति जुनून का अनुभव करेगा।”

बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ), भारत सरकार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडिया और दर्शकों के लिए विश्व स्तरीय प्रतियोगिता और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करना है।

आईओए ने कहा कि वह भारत सरकार, राष्ट्रीय खेल महासंघों, राज्य ओलंपिक संघों और अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के साथ मिलकर भारत में और अधिक विश्व स्तरीय खेल आयोजनों को लाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों, प्रशासकों, स्वयंसेवकों और खेल प्रतिभाओं की अगली पीढ़ी के लिए नए अवसर पैदा करते हैं।

पी.वी. सिंधु करेंगी भारतीय चुनौती की अगुआई

घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय दल से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन पी.वी. सिंधु भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी। मेजबान देश को उम्मीद है कि सिंधू सहित भारतीय खिलाड़ी घरेलू परिस्थितियों और दर्शकों के समर्थन का लाभ उठाकर शानदार प्रदर्शन करेंगे।

आईओए ने कहा कि चैंपियनशिप भारतीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, आयोजन प्रबंधकों और स्वयंसेवकों को दुनिया के शीर्ष स्तर की प्रतियोगिता का अमूल्य अनुभव प्रदान करेगी। इससे भारत में भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के आयोजन के लिए आवश्यक विशेषज्ञता और अनुभव को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

चैंपियनशिप भारत की वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी की क्षमता को भी मजबूती प्रदान करेगी। आईओए ने दोहराया कि वह अपने साझेदारों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि खेल उत्कृष्टता को प्रेरित करने, अंतरराष्ट्रीय मित्रता को बढ़ावा देने और भारत को दुनिया के प्रमुख खेल राष्ट्रों में शामिल करने के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहे।