photography-exhibition-platf

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर नैनीताल में खुलेगा छायाचित्र प्रदर्शनी मंच

नैनीताल, 12 अगस्त । फ्लोरिस्ट लीग ऑफ इंडिया-नैनीताल की ओर से आगामी 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर सीआरएसटी इंटर कॉलेज के सभागार में खुली छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय और उभरते छायाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देना है। इसमें मोबाइल से खींचे गए छायाचित्र भी निर्धारित मानकों के अनुरूप होने पर प्रदर्शित किए जा सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम चार छायाचित्र प्रस्तुत कर सकता है। प्रतिभागिता शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि छायाचित्र का आकार न्यूनतम 12×18 इंच और अधिकतम 20×30 इंच होना चाहिए। छायाचित्र जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त को अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित है। छायाचित्र जमा करने के लिए हिमांशु जोशी, म्यूनिसिपल मार्केट मल्लीताल, सीआरएसटी इंटर कॉलेज कार्यालय तथा नेहा फोटो स्टूडियो, मल्लीताल में संपर्क किया जा सकता है। प्रदर्शनी 19 अगस्त को शाम चार से सात बजे तक आयोजित होगी। आयोजकों ने फोटोग्राफी में रुचि रखने वाले लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।