uk-development-approvals-dhami

मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए सात करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को दी मंजूरी

देहरादून, 12 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास, सड़क, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों के लिए करीब सात करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही चम्पावत जिले में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. कल्याण सिंह अधिकारी की स्मृति में प्रतिमा स्थापित करने के लिए 32.49 लाख रुपये की स्वीकृति को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के एंचोली-जाख मोटर मार्ग पर मोती मार्ग प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए 8.93 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में सेलागाड़ से कोटकेन्द्री तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 40.53 लाख रुपये और नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुलिया नामे पंचायत खड़ीखाल में सड़क से भारी केमर गांव डाबरा पानी तोक तक आरसीसी खड़ंजा रेलिंग मार्ग के निर्माण के लिए 52.06 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 31.23 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग निर्माण आदि कार्यों के लिए 97.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत प्रथम किश्त में 58.25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के नौगांव विकासखंड में रंवाई घाटी के आराध्य देवी श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर, बिल्ला नौगांव के सौंदर्यीकरण के लिए 1.79 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रथम किश्त के रूप में 1.07 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.80 लाख रुपये और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के धौलादेवी विकासखंड के ध्याड़ी न्याय पंचायत क्षेत्र के भेटाबडोली में भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों कार्यों के लिए प्रथम किश्त में क्रमशः 59.28 लाख और 59.10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के रामबाग, हरिपुरा और पंचाननपुर में गोविंद मंदिर एवं धर्मशाला, मसीत मंदिर एवं धर्मशाला और तालाब के पास मंदिर एवं धर्मशाला निर्माण के लिए 2.54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए प्रथम किश्त में 1.02 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिरड के नैनीपाताल से ग्राम पंचायत नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 79.87 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। प्रथम किश्त के रूप में 47.92 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैरोली और बडपास में आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण के लिए 3.89 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए प्रथम किश्त में 1.87 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बाराकोट विकासखंड में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण सिंह अधिकारी के सम्मान में उनकी प्रतिमा स्थापित करने के लिए 32.49 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

————-